अंबिकापुर । नगर से लगे राघवपुरी में स्थित आस्था निकुंज, वृद्घाश्रम में रहने वाले 85 वर्षीय शंकर नामक वृद्घ की गले में कैंसर की बीमारी से जूझते मौत हो गई। मृतक तमिलनाडु का रहने वाला था, जो दीवाली के समय भटकते अंबिकापुर पहुंच गया था। इसे डिप्टी कलेक्टर के निर्देश पर वृद्घाश्रम में रखा गया था। वृद्घ को सांस लेने में तकलीफ होती थी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों के सलाह पर उसे बीते 24 फरवरी को भर्ती कर लिया गया था। तीन मार्च को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के यहां नहीं रहने की स्थिति में इसकी सूचना आस्था निकुंज प्रबंधन ने अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र में दी थी। पुलिस ने शव को मर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने बताया कि वृद्घ के परिजन अंबिकापुर आने के लिए रवाना हो चुके हैं। वृद्घ के शव को वृद्घाश्रम के कर्मचारियों की उपस्थिति में परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
कैंसर की बीमारी से जूझते वृद्घाश्रम में रहने वाले वृद्घ की मौत